संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी/ललितपुर। कॉलेज की ओर से क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने जा रही महिला खिलाड़ियों सहित 14 लोग कोतवाली महरौनी के नैनवारा और दरोना के पास हुई दुर्घटना में घायल हो गए। उनकी कार को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी पहुंचाया गया। यहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी स्थित पीजी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए सोमवार को कार से जा रही थीं। कार में आस्था वाजपेयी (20), कल्पना पाल (20), साधना पाल (20), शालिनी सेन (21), दीपिका अहिरवार (21), शैली (20), चाहत अहिरवार (18), निधि अहिरवार (20), शिवानी अहिरवार (17), खुशी यादव (18), दीपिका राजपूत (20) और शिक्षक सौरभ सिंह (40) व कोच बेटी पटेल उर्फ मंजू (25) सवार थीं। कार ब्रजेंद्र (45) चला रहा था।
कार कोतवाली महरौनी के ग्राम नैनवारा और दरोना के बीच पहुंची थी कि तेज रफ्तार मड़ावरा झांसी नान स्टाप बस ने टक्कर मार दी। कार में सवार महिला खिलाड़ियों सहित सभी लोग घायल हो गए। टक्कर होने के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घटना देखी तो वह तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों के जरिये घायल महिलाओं को आनन फानन महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कार चालक ब्रजेंद्र और बेटी पटेल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल क्रिकेट खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी रफ्तार में थी बस : घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक बस को काफी तेज चला रहा था। इसी के चलते कार में टक्कर मार दी। यह भी बताया कि प्रतिदिन उक्त बस काफी तेज रफ्तार से निकलती है।
