सतीश संगम
लखनऊ। डिजिटल कॅरिअर के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, पढ़ाई पूरी करने के बाद 70 फीसदी से अधिक युवा डिजिटल क्षेत्र में अपना भविष्य तलाश रहे हैं।
इंटरनेट और डिजिटल संचार क्रांति ने हर क्षेत्र में अपनी पैठ बनाई है। व्यापार हो या फिर ई-मार्केटिंग का बदलता स्वरूप, ज्यादातर सेक्टर्स में डिजिटल क्रांति नया बाजार तैयार कर रही है। इस क्षेत्र में युवा अपने कॅरिअर को पंख देते हुए तेजी से स्वरोजगार से जुड़ रहे हैं। एमएसएमई के एक अधिकारी ने बताया कि कम खर्च में ई-मार्केटिंग को आसानी से तैयार किया जा सकता है। इंटरनेट और डिजिटल संचार का उपयोग करके संभावित ग्राहकों से जुड़ने के लिए ब्रांडों का प्रचार-प्रसार किया जाता है। ईमेल, सोशल मीडिया और वेब आधारित विज्ञापन के जरिए मार्केटिंग चैनल को बढ़ावा दिया जाता है।
जॉब से बेहतर है खुद का स्टॉटअप
बीबीएयू से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। हैदराबाद के एक निजी कंपनी में प्लेसमेंट हुआ, लेकिन काम के आधार पर वेतन नहीं मिल रहा था। इंटरनेट के जरिए से ही ई-मार्केटिंग के बारे में जानकारी ली और खुद का स्टार्टअप शुरू किया। दो साल पहले शुरू हुए स्टार्टअप से आज अच्छी इनकम हो रही है। ई-मार्केटिंग में कॅरिअर बनाने का खुला अवसर है। इसलिए जॉब से बेहतर है कि खुद का स्टॉटअप शुरू किया जाए।
– अजय कुमार
ई-मार्केटिंग क्षेत्र में वेबसाइट बना शुरू किया स्टार्टअप
विदेश की एक कंपनी में ऑनलाइन जॉब शुरू की। करीब दो साल की नौकरी के बाद किसी कारण जॉब छोड़ना पड़ा। बाद में ई-मार्केटिंग क्षेत्र में अपनी वेबसाइट बनाई और इसी माध्यम से एक नया स्टार्टअप शुरू किया है।
– संदीप सिंह
कंपनियों का भरोसा सोशल मीडिया पर
हर हाथ में इंटरनेट और स्मार्टफोन है। सोशल मीडिया और ई-संचार से हर व्यक्ति जुड़ा है। मार्केटिंग और ब्रैंडिंग के लिए हर कंपनी सोशल मीडिया पर खुद का विस्तार कर रही हैं। डिजिटल और ई-मार्केटिंग क्षेत्र में कॅरिअर बनाने का बेहतर मौका है। डिजिटल विज्ञापन विशेषज्ञ, मार्केटिंग मैनेजर, कंटेंट क्रिएटर के क्षेत्र में युवाओं का रुझान बढ़ रहा है।
– निखिल श्रीवास्तव, डिजिटल विशेषज्ञ
