उरई। ग्वालियर से बरौनी जाने वाली स्पेशल छपरा मेल बुधवार को निरस्त रही। इसके चलते इस ट्रेन से जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। साथ ही पनवेल से गोरखपुर जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस दो घंटे देरी से पहुंची।
पूर्वोत्तर रेलवे के डोमिनगढ़ और जगतबेला स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक मरम्मत के काम शुरू हो गया है। इसके चलते कई ट्रेनें निरस्त और कई का रूट डायवर्ट किया गया है। इसमें झांसी कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ग्वालियर से बरौनी की ओर जाने वाली स्पेशल छपरा मेल भी निरस्त की गई है। बुधवार को इस ट्रेन के न आने से यात्रियों को परेशानी हुई। सबसे ज्यादा दिक्कत उन यात्रियों को हुई, जिन्होंने इस ट्रेन से रिजर्वेशन करा रखा था। त्योहार के लिए कई लोग अपने गांव जा रहे है, ऐसे में ट्रेनों के निरस्तीकरण ने यात्रियों की मुसीबत बढ़ दी गई है। रही सही कसर देरी से चलने वाली ट्रेनें पूरी कर रही है।
पनवेल से गोरखपुर की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 15066 अपने निर्धारित सुबह 10.38 बजे के स्थान पर दोपहर 12.38 बजे उरई स्टेशन पहुंची। इससे यात्रियों को दिक्कत हुई। वहीं झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रैक मरम्मत के काम के चलते कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है। उसमें यह ट्रेन भी शामिल थीं। जल्द ट्रेनें निर्धारित समय से संचालित होगी।
इंटरसिटी के एसी कोच में मारा पत्थर, शीशा टटूा
उरई। लखनऊ से झांसी जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी कोच में मंगलवार की रात किसी शरारतीतत्व ने पत्थर मार दिया। इससे कोच की शीशा टूट गया। आरपीएफ का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
मंगलवार की रात आठ बजे झांसी-इंटरसिटी एक्सप्रेस कानपुर-झांसी रेलखंड के सरसोकी स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी किसी ने ट्रेन के एसी कोच बी-2 में पत्थर मार दिया। इससे शीशा टटू गया। हालांकि पत्थर मारने से कोई घायल नहीं हुआ। आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार यादव का कहना है कि इस मामले में किसी ने शिकायत नहीं की है। उन्होंने टीम के साथ मौके पर जाकर जांच पड़ताल की लेकिन कोई मौके पर नहीं मिला। फिर भी जांच पड़ताल जारी है। रेलवे ट्रैक पर गश्त बढ़ा दी गई है।
स्टेशन मास्टरों ने यूनिफार्म पर मांगपत्र लगाकर की ड्यूटी
उरई। मांगों को लेकर बुधवार को स्टेशन मास्टरों ने यूनिफार्म पर डिमांड पत्र लगाकर ड्यूटी की। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को जिले के सभी स्टेशनों पर ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस ने अपनी मांगों का पत्र लगाकर डयूटी की। उरई स्टेशन पर प्रभारी स्टेशन अधीक्षक पीके निरंजन ने बताया कि उरई में केसी सोनी, सरसोकी में मानवेंद्र पटेल, भुआ में राजीव निरंजन, एट में मंदाकिनी निरंजन, पिरौना में प्रमोद गुप्ता, कोंच में राजीव कुमार तिवारी, आटा में पुष्पराज सिंह, उसरगांव में सलमान अंसारी, कालपी में डिप्टी एसएस बीके गुप्ता ने ड्यूटी पर तैनात रहकर अपनी यूनीफार्म में मांगपत्र लगाकर ड्यूटी की। (संवाद)
