
संजय गांधीपुरम में आग बुझाने का प्रयास करते दमकलकर्मी।
लखनऊ। इंदिरानगर के रिहायशी इलाके संजय गांधीपुरम में अवैध तरीके से चल रहे बैटरी के चार्जिंग पॉइंट में सोमवार को आग लग गई। एक के बाद एक बैटरियों के फटने से हुए धमाके से लोग दहशत में आ गए। दमकल ने दो गाड़ियों से एक घंटे में आग पर काबू पाया।
अंकित सिंह की किराये की दुकान में सोमवार शाम चार बजे ई रिक्शा की बैटरी चार्ज हो रही थी। तभी धमाके के साथ एक बैटरी फट गई और आग लग गई। दुकान में मौजूद लोग लपटों में घिर गए। वे किसी तरह बचकर निकले। कुछ ही पलों में लपटों ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। वहीं, चार्जिंग के लिए रखीं बाकी बैटरियां भी धमाके के साथ फटने लगीं। इससे पूरा इलाका दहल उठा।
पड़ोसी शशांक गुप्ता ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। कुछ देर में एफएसओ इंदिरानगर शत्रुघ्न टीम के साथ पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। फिलहाल हादसे के कारण का पता नहीं चला है।
नहीं थे अग्नि सुरक्षा के इंतजाम
एफएसओ के मुताबिक अवैध तरीके से चलाए जा रहे चार्जिंग पॉइंट में आग से बचाव के भी इंतजाम नहीं थे। नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, धमाके की गूंज से पड़ोसी घरों से निकल आए। धुएं से लोगों का सांस लेना दूभर हो गया। दुकान के पास खड़े वाहनों में से आग की चपेट में आई स्कूटी जलकर राख हो गई।
