जायस (अमेठी)। राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान में शनिवार को छात्रों के दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ऊर्जोत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि इंफोसिस के वरिष्ठ निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता काफी बढ़ गई है। छात्रों के लिए इस क्षेत्र में कार्य एवं शोध के काफी अवसर हैं।
संस्थान के निदेशक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि ऊर्जोत्सव-2024 उत्तर भारत के सबसे जीवंत तकनीकी महोत्सवों में से एक है। यह विद्यार्थियों में रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का शानदार मंच प्रदान करता है। इस बार ऊर्जोत्सव कॉस्मिक कन्वर्जेन्स विषय पर आधारित है, जो ब्रह्मांडीय शक्तियों और विज्ञान के संगम पर केंद्रित है। इसमें होने वाली तकनीकी प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
इसमें परी पब्लिक स्कूल सलोन के छात्रों ने प्रथम, डीएवी एचएएल कोरवा ने द्वितीय एवं एसजेएस पब्लिक स्कूल गौरीगंज के छात्रों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आशीष कुमार त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि कोलंबिया विश्वविद्यालय न्यूयार्क की सुमन जना, उपाध्यक्ष, एच-2 ई पावर सिस्टम,डॉ. दादासाहब जे. शेन्दगे, संस्थान के निदेशक प्रो. आलोक कुमार सिंह एवं डॉ. देवाशीष पांडा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान के साथ आईईटी लखनऊ, एचबीटीयू कानपुर, बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, आरईसी. बांदा, बीआईईटी. झांसी, यूईएम जयपुर, एलएमएनआईटी. जयपुर एवं चिल्ड्रेन सनलाइफ एकेडमी महाराजगंज के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
