
यूपी का मौसम।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
प्रदेश में पछुआ हवाओं के जोर पकड़ने से रविवार से धीरे-धीरे धुंध और कोहरा छंटेगा। इसके साथ ही स्मॉग की सांद्रता (डेंसिटी) घटने से हवा की सेहत भी सुधरेगी। एक्यूआई बेहतर होगा। मौसम विभाग की मानें तो यूपी में अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में 2 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिलेगी। ठंड का असर बढ़ेगा।
शनिवार को प्रदेश में तराई इलाकों श्रावस्ती, कुशीनगर आदि में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई और गोरखपुर में तो दृश्यता शून्य पर जा पहुंची। वहीं विभिन्न इलाकों में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं, जिसके असर से पारा गिरा और लोगों को सिहरन का अहसास हुआ। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में शनिवार को पछुआ हवाओं और कोहरे के बीच रात के पारे में गिरावट देखने को मिली।
कानपुर में तो न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री तक लुढ़क गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पछुआ के असर से अगले हफ्ते तक पारा और लुढ़केगा और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
शनिवार को 32.9 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज सर्वाधिक गर्म रहा। झांसी में अधिकतम 32.1 डिग्री और उरई में 32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद में 13 डिग्री, चुर्क में 13.2 डिग्री और अयोध्या में 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
