लखनऊ। साइबर जालसाज ने रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल संत ज्ञानेंद्र सिंह के मोबाइल पर एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइल भेजकर खाते से 94 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
संत ज्ञानेंद्र के मुताबिक उनकी तैनाती विधान भवन की सुरक्षा ड्यूटी में है। 20 अगस्त को उन्होंने फ्लिपकार्ट से नेकबैंड ऑर्डर किया था, जो खराब निकला। इसके 1700 रुपये रिफंड पाने के लिए उन्होंने 26 अगस्त को सोशल मीडिया पर फिल्पकार्ट के कस्टमर केयर का नंबर निकालकर संपर्क किया, पर बात नहीं हो सकी। कुछ देर बाद उनके पास व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद कस्टमर केयर से होना बताया और रिफंड के लिए उन्हें एपीके फाइल भेजी। हेड कांस्टेबल के फाइल खोलने पर ठग ने उनसे खाते की जानकारी ली और पिन डालने को कहा। उन्होंने कहे मुताबिक कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि उनके पास 90 हजार के ट्रांजेक्शन के अप्रूवल का मेसेज आया। बैलेंस चेक किया तो उनके खाते से 90 हजार निकल चुके थे। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक ठग के नंबर का ब्योरा निकाला जा रहा है।
ये होती है एपीके फाइल
यह एंड्रॉइड एप की इंस्टॉलेशन फाइल होती है। बिना जाने कोई भी एपीके फाइल इंस्टॉल न करें। एप इंस्टाॅल करने से पहले मांगी जाने वाली परिमशन को पढ़ लें।
