ओवरलोड वाहनों से वसूली के मामले में करीब डेढ़ माह बाद रायबरेली और फतेहपुर के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित कर दिया गया। परिवहन विभाग के विशेष सचिव खेमपाल सिंह की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। दोनों जिलों के पीटीओ व प्रवर्तन दल के चालक पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। इस प्रकरण की जांच अभी चल रही है।
एसटीएफ ने 11 नवंबर को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली के मामले में लालगंज कोतवाली में अंबारा पश्चिम गांव निवासी मोहित सिंह, अयोध्या निवासी ट्रक चालक सुनील यादव, एआरटीओ फतेहपुर पुष्पांजलि मित्रा, उनके चालक सिकंदर, यात्रीकर अधिकारी (पीटीओ) फतेहपुर अखिलेश चतुर्वेदी, चालक अशोक कुमार तिवारी, एआरटीओ प्रवर्तन रायबरेली अंबुज, चालक मो.नौशाद, पीटीओ रायबरेली रेहाना बानो, चालक सुशील, मिथुन के खिलाफ लालगंज कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मोहित सिंह और ट्रक चालक सुनील को पकड़कर जेल भेजा था।
ये भी पढ़ें – रिटायर्ड बुजुर्ग को 25 दिन डिजिटल अरेस्ट कर 90 लाख रुपये वसूले, अपने खातों में ट्रांसफर करा ली रकम
ये भी पढ़ें – नववर्ष पर रामनगरी में आस्था का महासंगम, आठ लाख श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या, सुबह पांच बजे खुला राम मंदिर
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बीते 29 नवंबर को यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) रेहाना और प्रवर्तन दल के चालक मो.नौशाद के अलावा फतेहपुर के पीटीओ अखिलेश चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया था। साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए थे। परिवहन विभाग के विशेष सचिव ने रायबरेली के एआरटीओ अंबुज और फतेहपुर की एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा को निलंबित करते हुए मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही विभागीय अनुशासिक कार्यवाही किए जाने की संस्तुति की है। उप परिवहन आयुक्त मुख्यालय मयंक ज्योति को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
सीओ लालगंज कर रहे मामले की विवेचना
लालगंज कोतवाली में एसटीएफ की तरफ से दर्ज कराए गए मामले की विवेचना सीओ लालगंज अमित सिंह कर रहे हैं। ओवरलोड वाहनों से वसूली के मामले में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा अन्य लोगों के बारे में पुलिस सुराग जुटा रही है। इस मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। सीओ का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। मामले में जल्द अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कराई जाएगी।
