अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि ये जो SIR का काम चल रहा है, किसी भी पार्टी ने इसका विरोध नहीं किया। अब जब मतदाता सूची आई है। जैसी आशंका थी हम लोगों को तीन करोड़ वोट उसमें काटे दिए जाएंगे। जब ड्राफ्ट लिस्ट नहीं आई थी, उस समय योगी जी ने कहा था कि इस बार चार करोड़ वोट कटने जा रहे हैं, वो भारतीय जनता पार्टी के हैं।
यूपी में जीरो टॉलरेंस का वादा जीरो
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इस सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा जीरो हो चुका है।
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि मेरठ में मां पर कातिलाना हमला और बेटी को उठाकर ले जाने का मामला बेहद गंभीर है। महिला अपराध और साइबर क्राइम में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोज 5 महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं। हर 15 दिन में दुष्कर्म की शर्मनाक घटनाएं हो रही है। महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाले मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता 2027 में सत्ता से बाहर कर देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह के अपराध पनप रहे हैं। जिस कफ सिरप मामले को पहले लोग स्थानीय अपराध समझ रहे थे, वो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्राइम निकल रहा है। उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है, बल्कि आगे बढ़ रहा है।
