यूपी दिवस पर युवाओं को आकर्षित करेगा ओसेन बैंड

उत्तर प्रदेश दिवस के तहत तीन दिन 24 से 26 जनवरी तक का मुख्य आयोजन राजधानी स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में होगा। इसमें जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों द्वारा गायन, शास्त्रीय व लोक नृत्य, नाटक, भजन, सुगम संगीत, जनजातीय नृत्य, समकालीन प्रस्तुतियों का मंचन किया जाएगा। वहीं युवाओं को इंडियन ओसेन बैंड आकर्षित करेगा।

उत्तर प्रदेश दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आधुनिकता और परंपरा का समन्वय देखने को मिलेगा। संस्कृति विभाग की ओर से इसे लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। इसके तहत प्रकाश मिश्रा व प्रतिभा सिंह बघेल द्वारा भजन की प्रस्तुति दी जाएगी। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा कथक, भरत नाट्यम व ओडिसी नृत्य की संयुक्त प्रस्तुतियां होंगी।

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), हस्तशिल्प, जीआई टैग उत्पाद, पर्यटन स्थलों, मिशन शक्ति, औद्योगिक व अधोसंरचना विकास, विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विषयक प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, उत्कृष्ट उद्यमियों, महिला शक्ति, युवाओं, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों व विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।

वहीं 2026 में वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चित्रकला कार्यशालाएं, संगीत-वादन, ओपन माइक, नाटक, कठपुतली, क्विज, रंगोली, पाक कला प्रतियोगिता, पतंगबाजी व युवा-जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम भी होंगे। पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित प्रदर्शनी तथा उत्तर प्रदेश पारंपरिक व्यंजन मेला आयोजित किया जाएगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *