झांसी -विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में माता-पिता से 15 साल और दादा-दादी से 40 साल छोटे 2.38 लाख वोटर चिह्नित हुए हैं। इन सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को निर्धारित विसंगति का ही बीएलओ को साक्ष्य देना होगा। उस आधार पर मतदाता सूची में सुधार किया जाएगा।
इन पांच विसंगतियों पर जारी हुए नोटिस
मैपिंग के दौरान एक व्यक्ति से छह से अधिक लोग जुड़ गए हों।
माता-पिता और बच्चों की आयु में 15 साल से कम का अंतर हो।
माता-पिता और बच्चों की आयु में 50 साल से ज्यादा का अंतर हो।
दादा-दादी और पोता-पोती की आयु में 40 साल से कम का अंतर हो।
2003 की मतदाता सूची में पिता के नाम और एसआईआर फॉर्म भरते समय पिता के नाम में अंतर हो।
24 घंटे में नए मतदाता बनने के लिए आए ढाई हजार से ज्यादा आवेदन
जनपद में 24 घंटे में ढाई हजार से ज्यादा फॉर्म-6 भरे गए हैं। बताया गया कि पांच फरवरी तक जिले में 45,790 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़कर 48,319 हो गया। इसके अलावा दो जगह की मतदाता सूची में नाम होने, परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो जाने या स्थानांतरित हो जाने पर सूची से नाम कटवाने के लिए 2333 फॉर्म-7 भरे गए हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, फोटो में संशोधन, बूथ बदलने के लिए 16745 लोगों ने फॉर्म-8 भरा है।
