भांडेरी गेट के बाहर श्रीगणेशी शिक्षा कांवेंट विद्यालय के पास मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश में पड़ोसियों में झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव के साथ गोली चली। एक गोली खिड़की से देख रही नगर निगम की संविदा सफाई कर्मी कुसुम देवी (59) पत्नी रज्जन के सीने में जा धंसी जबकि छर्रा पास में खड़े पुत्र राहुल (24) में जा धंसे। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर कुसुम की मौत हो गई जबकि राहुल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, पथराव एवं गोलीबारी की सूचना मिलने पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति भारी पुलिस बल के साथ जा पहुंचे। उन्होंने भी घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। देर-रात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके दोनों पक्षों से नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली के भांडेरी गेट के बाहर निवासी अमित वाल्मीकि एवं जितेंद्र पड़ोसी के साथ रिश्तेदार भी हैं। 21 फरवरी को अमित की बरात ललितपुर के अमर पैलेस गई थी। जितेंद्र अपने भाई शैलेंद्र, नितीश आदि के साथ बरात में शामिल हुआ था। वहां उनका अमित के जीजा इंदरगढ़ निवासी रोहित वाल्मीकि से विवाद हो गया। उनके बीच मारपीट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है मंगलवार दोपहर अमित का भाई अनिल बाहर खड़ा था। उसी दौरान जितेंद्र समेत उसके परिजन पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच ललितपुर में हुए विवाद को लेकर गाली गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने घर पहुंचकर एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। अनिल के सामने स्थित मकान से फायरिंग होने लगी। गोली की आवाज सुन लोग घरों में जा दुबके। अमित के बगल में रहने वाली कुसुम पत्नी रज्जन अपने घर के बाहरी कमरे की खिड़की से यह देख रही थीं। पास में उनका बेटा राहुल खड़ा था। परिजनों का कहना है कि फायरिंग के दौरान एक गोली सीधे कुसुम के सीने में जा धंसी जबकि छर्रे राहुल के पेट में जा धंसे। दोनों लहूलुहान हो गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई। घायलों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां कुसुम की मौत हो गई। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। घटना स्थल से कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पार्षद समेत मोहल्ले के लोग घरों में ताला बंद करके भागे, ईंट-पत्थरों से पट गई गली
दोनों पक्षों में गाली गलौज से शुरू हुआ विवाद पथराव से होते हुए फायरिंग तक जा पहुंचा। मोहल्ले में जमकर पथराव भी हुआ। इसकी गवाही गली में बिखरे ईंट-पत्थर दे रहे थे। अमित के घर के ठीक सामने की गली ईंट एवं पत्थरों से पट गई। स्थानीय निवासियों का कहना है करीब 35 मिनट तक दोनों पक्षों एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते रहे। दोनों पक्ष छत से पथराव कर रहे थे। पत्थर लगने से अमित के परिवार के कई लोग घायल भी हुए वहीं, फायरिंग के बाद बुजुर्ग महिला की मौत से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने 17 से फायर किए जाने की बात कही।दहशत में आए लोग घरों में ताला बंद करके भाग निकले। जिस घर में कुसुम रहती थी, उससे कुछ दूर पर पार्षद रामकुमारी यादव का घर है। घटना के बाद पार्षद के घर में भी ताला बंद हो गया। आसपास के लोग भी घरों में ताला बंद करके भाग निकले। दुकानें भी बंद हो गईं।
विवाद की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
पथराव के बाद फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस दोनों पक्षों के बीच रंजिश की वजह तलाशने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि करीब दस साल बाद मायके आई संन्ध्या की वजह से उनके बीच विवाद भड़क उठा। पुलिस अफसरों का कहना है कि अमित और शैलेंद्र आपस में पट्टीदार हैं। अमित की बहन सन्ध्या ने करीब दस साल पहले इंदरगढ़ निवासी रोहित वाल्मीकि से प्रेम विवाह किया था वहीं, शैलेंद्र के परिवार से भी बहन ने प्रेम विवाह किया था। अमित पक्ष के दबाव में आकर शैलेंद्र ने अपनी बहन से दूरी बना ली लेकिन अमित ने अपनी शादी में बहन संन्ध्या को बुला लिया। संन्ध्या अपने पति के साथ दिल्ली में रहकर एक रेस्तरां में काम करती है। करीब दस साल बाद संन्ध्या पति के साथ इस शादी में शामिल होने आई। सन्ध्या ने बताया कि उसके आने से ही शैलेंद्र पक्ष के लोग नाराज हो गए। उनको यह बात नागवार गुजरी। नाराज होकर उन लोगों ने उसके पति रोहित से मारपीट भी की। पुलिस आगे भी मामले की जांच कर रही है।
कई घंटे बाद पहुंची फोरेंसिक टीम
घटना के करीब दो घंटे बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच सकी। इसके बाद पीला फीता लगाकर उसने कमरे को निषिद्ध किया जबकि उसके पहले दर्जनों लोग कमरे में आ-जा चुके थे। तमाम लोग अपने हाथ से खिड़की खोलकर बंद भी कर चुके। इसके बाद जाकर फोरेंसिक टीम पहुंची। इस वजह से फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही तमाम अहम सुबूत नष्ट हो गए।
घटना के बाद के वीडियो…
