तीन दिन से लापता किशोरी का शव मंगलवार को नदी किनारे पड़ा मिला। वह सहेली की शादी में न जाने देने से परिजनों से नाराज होकर घर से निकल गई थी। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
लहचूरा थाना इलाके के ग्राम धवाकर निवासी प्रेमदास ने बताया कि उसकी बेटी शीतल अहिरवार (17) की पड़ोस में रहने वाली सहेली की शादी थी। सहेली ने उसे शादी में आने का निमंत्रण दिया था। लेकिन, गांव के लोग बेटी की सहेली के परिवार के यहां आना-जाना बंद किए हुए हैं। इससे बेटी को शादी में जाने से रोका, इस पर वह जिद करने लगी। लेकिन, उसे जाने नहीं दिया गया। इससे वह नाराज हो गई थी और रात में उसने खाना भी नहीं खाया था। 20 फरवरी की सुबह शीतल नाराज होकर घर से निकल गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस पर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। मंगलवार को गांव के पास से गुजर रही नदी के किनारे चरवाहों ने शीतल का शव पड़ा देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए।
घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवती घर से नाराज होकर निकली थी। उसने गुस्से में नदी में छलांग लगा दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और भी साफ हो पाएगी। हालांकि, उसकी कॉल डिटेल्स में कोई भी संदिग्ध स्थिति नजर नहीं आई। फिर भी सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
