बीडा से मुआवजे में मिली रकम और जेवर लेकर दुल्हन अपने दो साथियों के साथ लापता हो गई। पांच दिन पहले ही एक मंदिर में शादी रचाई थी। नई नवेली दुल्हन के गायब होने से परेशान दूल्हे ने रक्सा थाने पहुंचकर गुहार लगाई है। अब पुलिस दुल्हन एवं उसके साथियों को तलाशने में जुटी है।
रक्सा थाना के परासई गांव निवासी उत्तम अहिरवार की शादी नहीं हो रही थी। कुछ समय पहले ही उसे बीडा से मुआवजे में मोटी रकम मिली थी। उत्तम ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि फरवरी में उससे शिवपुरी के ढाड़ गांव निवासी दो लोगों ने संपर्क किया। उन्होंने शादी कराने का झांसा देकर उससे 60 हजार रुपये ले लिए। एक मार्च को करौंदी माता मंदिर में युवती से उसकी शादी करा दी। इसके बाद युवकों ने पार्टी करने के नाम पर 30 हजार रुपये ले लिए। शादी के बाद दुल्हन को लेकर वह घर आ गया। तीन दिन तक युवती दुल्हन बनकर उसके साथ रही। बृहस्पतिवार को अचानक घर से वह लापता हो गई। उसने उसे आसपास तलाशा लेकिन, उसका कहीं पता नहीं चला। युवती का मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ था। घर की तलाशी लेने पर जेवरात समेत नकदी गायब मिली। काफी तलाशने पर भी जब उसका पता नहीं चला, तब उसने शिवपुरी निवासी युवकों को फोन किया। उनके फोन भी स्विच ऑफ थे। यह देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत रक्सा पुलिस को आपबीती बताई। थानाध्यक्ष रूपेश कुमार का कहना है कि युवक शिकायत लेकर आया था लेकिन, युवती की लोकेशन करौंदी माता मंदिर के पास मिली है। उससे संपर्क करके बुलाया गया है। उसके सामने आने के बाद ही मामला साफ हो सकेगा।
