अमर उजाला के ‘आभार समर्पण का’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक जहां कल के भारत की नींव तैयार करते हैं, वहीं चिकित्सक जीवन बचाने का काम करते हैं। शिक्षक बच्चों में वे सभी गुण विकसित करते हैं, जिन्हें माता-पिता अपने बच्चों में देखना चाहते हैं, जबकि चिकित्सक बीमार व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में चिकित्सा और शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।डिप्टी सीएम ने कहा कि समाज की सेवा में समर्पित भाव से काम करने वालों को सम्मानित करने की परंपरा अमर उजाला लंबे समय से निभाता आ रहा है। यह खुशी की बात है कि आज चिकित्सा जगत के प्रतिष्ठित चिकित्सकों और शिक्षा जगत के गुरुजनों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने समाज के उन लोगों को मंच दिया है, जिनके कार्य तक अक्सर सबकी नजर नहीं पहुंच पाती। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार पाने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी भी इससे प्रेरणा लेकर समाज सेवा के कार्यों में आगे आएगी और मानव कल्याण के लिए कार्य करेगी। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और शिक्षकों को सम्मानित किया। क्राइस्ट द किंग कॉलेज की अंजू खन्ना पॉल, इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल तालबेहट की अनुराधा मुदगल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल के अतिशय मिश्रा, मून इंटरनेशनल स्कूल मोंठ की डिंपल करीम, महात्मा हंसराज मॉडर्न स्कूल के जन्मेजय पाठक, सेंट मैरी सीनियर सेकेंड्री स्कूल मऊरानीपुर की जॉन, प्राथमिक विद्यालय की काजल शर्मा, ग्रामोदय इंटरनेशनल स्कूल मऊरानीपुर के कुलदीप पुरोहित, रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल की ममता त्रिपाठी, नेशनल एकेडमी मऊरानीपुर के डॉ. मनीष कुमार रायकवार, माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल की मोना सुनेजा, ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की नीति शर्मा, द आर्य स्कूल के पंकज पटेरिया, सीएलएम मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल की डॉ. रश्मि शुक्ला, संस्कृति संस्कार पब्लिक स्कूल बरुआसागर की संगीता शर्मा, एवीएम इंटर कॉलेज ललितपुर की सविता लोधी, एमएलआरपी पब्लिक स्कूल की डॉ. शेफाली अग्निहोत्री, रॉयल एकेडमी ललितपुर की डॉ. सिंधू मोल, ओसियन पब्लिक स्कूल मोंठ के सुनील कुमार, ग्लोबल विजडम इंटरनेशनल स्कूल की उमराह शायमा, पहलवान गुरुदीन पब्लिक स्कूल ललितपुर के विनय रावत और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के इरशाद हसन शामिल रहे।
