नई बस्ती निवासी सतीश श्रीवास की मां पहले नई बस्ती वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं। सतीश ठेकेदारी करता था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज थे। वह पिछले माह ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। परिजनों के अनुसार उसकी भतीजी की अगले सप्ताह शादी है। इसी के लिए वह शनिवार शाम करीब चार बजे मोटरसाइकिल से शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह सुखनई नदी के मझघटा पुल के पास दमेले चौराहे के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आए दो हमलावरों ने तमंचे से उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद सतीश सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। करीब दस मिनट बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे सड़क पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सीओ मऊरानीपुर जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घायल सतीश को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग समेत अन्य एंगल पर भी जांच शुरू
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे निजी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजन इस बारे में खुलकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। छानबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि सतीश की एक विवाहिता से लंबे समय से बातचीत होती थी, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। महिला के परिजन उसे कई बार धमकी भी दे चुके थे। पुलिस को आशंका है कि प्रेम प्रसंग के चलते ही घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। इसके अलावा जमीन विवाद के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गोलीकांड मामले में जानकारी देते एसएसपी…