उरई। रोडवेज बस में यात्रा कर रहे दंपती के बैग से नकदी और जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घर पहुंचने पर बैग से जेवर और नकदी गायब देख दंपती के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर तलाश शुरू की है।

मंगलवार को कानपुर देहात जिले के गजनेर थाना क्षेत्र निवासी रोहित सिंह ने शहर कोतवाली में दी तहरीर दी। बताया कि 28 फरवरी को वह पत्नी लक्ष्मी के साथ झांसी जिले के गरौठा से रोडवेज बस से रनियां जा रहे थे। बस में सवार होने पर परिचालक ने उनका बैग बस चालक के पास रखवा दिया था।

रोहित के अनुसार बैग में 25 हजार रुपये के अलावा दो जोड़ी कान के बाले, एक हार, दो अंगूठी, दो जोड़ी कंगन, एक नाक की कील, तोड़िया और बिछिया सहित अन्य जेवर एक डिब्बे में रखे हुए थे। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें से नकदी और जेवर गायब मिले।

रोहित का आरोप है कि गरौठा से चली बस उरई बस स्टैंड पर भी रुकी थी। इसी दौरान किसी ने बैग की चैन तोड़कर नकदी और जेवर पार कर दिए। उन्होंने बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

कोतवाल हरिशंकर चंद्र का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *