पार्षद नीता यादव के बेटे की शादी से जुड़ी होर्डिंग हटाने से नाराज पार्षदों ने मंगलवार को नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्रवाई के बाद लामबंद हुए पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन पर वार्डों में विकास कार्य न कराने का भी आरोप लगाया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले धरने के बाद सदर विधायक के आश्वासन पर पार्षदों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

नगर निगम की टीम ने सुबह शहर में अवैध होर्डिंग और डिवाइडर पर लगे पैनल हटाने का अभियान चलाया। इसी दौरान पार्षद नीता यादव के बेटे की शादी के लिए लगाए गए पैनल भी हटा दिए गए। इस कार्रवाई से नाराज पार्षद शाम करीब साढ़े चार बजे नगर निगम परिसर में एकत्र हो गए और मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

यह बोले पार्षद

पार्षद दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सदन में पारित प्रस्तावों का पालन नहीं किया जाता और वार्डों में विकास कार्य ठप हैं। नगर निगम द्वारा बनाई गई सड़कों को सीयूजीएल और जल निगम द्वारा खोद दिया गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

पार्षद नीता यादव ने कहा कि इलाइट से सीपरी जाने वाले मार्ग पर सड़क पर ही वाहन मरम्मत किए जा रहे हैं और फुटपाथ पर दुकानें लगवा दी गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं पार्षद कामेश अहिरवार ने आरोप लगाया कि कई वार्डों में सड़कें अब भी कच्ची हैं। लंबे समय बाद निकाले गए टेंडर भी निरस्त कर दिए गए हैं।

विधायक के समझाने पर माने

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शाम करीब पौने सात बजे नगर आयुक्त आकांक्षा राणा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने के लिए चली गईं। इससे पहले उन्होंने पार्षदों से बुधवार सुबह 10 बजे समस्याओं पर चर्चा के लिए कार्यालय आने को कहा, फिर भी पार्षदों ने धरना जारी रखा। रात करीब सवा नौ बजे सदर विधायक रवि शर्मा नगर निगम पहुंचे और पार्षदों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मामला शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात साढ़े नौ बजे पार्षदों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान मेयर बिहारी लाल आर्य भी मौके पर पहुंचे और पार्षदों को समझाया। धरने में उपसभापति आशीष तिवारी सहित पार्षद मुकेश सोनी, हरिओम मिश्रा, अरविंद खटीक, भरत सेन, नरेंद्र किशोर, प्रियंका साहू, बालस्वरूप साहू, आशीष चौकसे, आशीष रायकवार और सत्यम यादव मौजूद रहे।

ग्रुप में मैसेज के बाद जुटे पार्षद

नगर निगम की टीम ने सुबह पार्षद पति गौरव तिवारी की भी होर्डिंग हटा दी थी। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने पार्षदों के सोशल मीडिया ग्रुप में मैसेज कर आरोप लगाया कि शहर में कई अवैध होर्डिंग लगी हैं लेकिन कार्रवाई केवल पार्षदों की होर्डिंग पर की जा रही है। इसके बाद अन्य पार्षदों से जुड़ी होर्डिंग हटने पर करीब 30 पार्षद एकजुट हो गए।

सहायक नगर आयुक्त की गाड़ी की चाबी निकाली

प्रदर्शन के दौरान अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता जब कार्यालय में जाने लगीं तो पार्षदों ने उन्हें रोक लिया और काफी देर तक बहस हुई। बाद में सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार पहुंचे तो उन्हें भी रोक लिया गया। वह गाड़ी में बैठ गए तो पार्षद हरिओम मिश्रा ने उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली, जिसे बाद में लौटा दिया गया।

अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है और इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। नगर निगम के वार्डों में कार्यों के लिए निविदाएं निकाली गई हैं और छोटे कार्यों के लिए गैंग भी तैनात की गई है। पार्षदों को चर्चा के लिए कार्यालय बुलाया गया था लेकिन वे नहीं आए। – आकांक्षा राणा, नगर आयुक्त

270 अवैध कियॉस्क और पैनल हटाए, सात होर्डिंग जब्त

नगर निगम की टीम ने शहर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 270 अवैध कियॉस्क और डिवाइडर पर लगे पैनल हटाए गए, जबकि बल्लियों पर लगी सात होर्डिंग जब्त की गईं। अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता ने बताया कि इलाइट चौराहा से पहूज नदी स्थित बिहारी चौराहा, गणेश चौराहा, जेल चौराहा होते हुए बिजौली तक अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 150 पैनल, 120 कियॉस्क और सात होर्डिंग हटाई गईं। उन्होंने बताया कि अवैध होर्डिंग लगाने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हर अवैध होर्डिंग पर लगेगा पांच हजार जुर्माना

नगर निगम ने चेतावनी दी है कि विद्युत पोलों या सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कियॉस्क, पैनल या होर्डिंग लगाने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रति अवैध होर्डिंग पांच हजार रुपये और प्रति कियॉस्क या पैनल एक हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। जरूरत पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।

नारेबाजी करते पार्षद वीडियो…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें