इस्राइल-अमेरिका और ईरान के बीच हो रहे युद्ध का असर यहां भी देखने को मिलने लगा है। घरेलू रसोई गैस की ऑनलाइन या फोन से बुकिंग बंद हो गई है। इसके चलते रसोई पर होने वाले संकट को देखते हुए शहरवासी हैरान-परेशान हैं। वहीं, रसोई गैस आपूर्ति के संकट को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलिंडर मिलने बंद हो गए हैं। ऐसे में स्टोरेंट, ढाबा और होटल संचालकों का बजट गड़बड़ा जाएगा। एजेंसी संचालक बुकिंग की सही जानकारी नहीं दे रहे हैं।

रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए ग्राहकों ने ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी थी लेकिन मंगलवार को ऑनलाइन बुकिंग भी बंद कर दी गई है। इसके बाद से ग्राहकों को अब समझ नहीं आ रहा कि अब सिलिंडर कैसे मिलेगा। बीकेडी स्थित गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि गोदाम पर कोई किल्लत नहीं है। यदि पिछली बुकिंग से 25 दिन हो जाते हैं तो उन्हें एजेंसी पर सिलिंडर मिलेगा। शहरवासियों को इस बात की चिंता है कि किल्लत होने से सिलिंडर को ब्लैक में खरीदना पड़ सकता है।

जनपद में सैकड़ों रेस्टोरेंट, ढाबा और होटल हैं। इनमें से अधिकांश होटलों पर कमर्शियल सिलिंडर का उपयोग होता है। कई ऐसे होटल हैं, जहां रोजाना 4 से 10 सिलिंडर उपयोग होता है। इसका असर मंगलवार से बाजार में दिखने लगा। इलाइट चौराहा स्थित एक होटल संचालक ने बताया कि उन्होंने कल के लिए सिलिंडर बुक किया लेकिन हॉकर ने बुधवार को भी मिलने की संभावना कम जताई। इस पर संचालक ने रेट पूछा तो हॉकर ने उसे दाम बताने से इंकार कर दिया।

इधर, एक गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि कई एलपीजी एजेंसियों ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है। कंपनियों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में घरेलू उपयोग के लिए सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता है। हालांकि, घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। सीपरी बाजार के मसीहागंज निवासी निवासी राहुल मिश्रा ने बताया कि उन्होंने गैस की बुकिंग 5 दिन पहले कराई थी लेकिन समय पर उन्हें गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। एजेंसी से संपर्क करने पर पता चला कि पुरानी व्यवस्था फिलहाल ठप है। हाल व्यवस्था यह है कि बिल जनरेट होने के बाद धारकों को सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इधर, विवाह घर संचालक देवेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध न होने पर घरेलू सिलिंडरों का उपयोग किया गया।

यह बोले लोग

फिलहाल शादियां खत्म होने को हैं। इसलिए विवाह घर संचालकों को फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन आगामी दो-तीन दिनों में जो शादियां हैं, उसमें आयोजक को समस्या होगी। – विकास खत्री, विवाह घर संचालक

सिलिंडर के लिए बुकिंग कराई पर हॉकर ने सिलिंडर उपलब्ध होने से इंकार कर दिया। अगले दिन के लिए भी कोई आश्वासन नहीं दिया। यही हाल रहा तो व्यापार पर असर होगा। – विशाल शाही, ढाबा संचालक

रेट बढ़ने पर उन्होंने सिलिंडर बुक कराया था। बिल भी पुराने रेट पर जनरेट हुआ लेकिन जब हॉकर सिलिंडर देने आया तो बढ़े रेट पर ही देने पर अड़ रहा था। – स्मिता मिश्रा, गृहणी

शहर में सिलिंडर न मिलने की बात कही जा रही है। इधर, ऑनलाइन बुकिंग करने पर अब ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहा है। बुकिंग लिंक पर क्लिक करने पर इनवॉयस एक्सपायर बता रहा है। – गृहणी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *