उरई। ग्रामीण इलाकों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उरई से चुर्खी होते हुए सरैनी तक जाने वाले 15 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा। करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के करीब 25 गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
वर्तमान में यह सड़क करीब साढ़े पांच मीटर चौड़ी है, जिससे दो बड़े वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है। अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। प्रस्तावित योजना के तहत सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे दो वाहन आसानी से एक साथ गुजर सकेंगे और यातायात अधिक सुरक्षित व सुगम हो जाएगा।
इस मार्ग से चकजगदेवपुर, रूरा, अमगुआ, जलालपुर, लहूरा, औंता, अटरिया, ककहरा, सिहारी, चुर्खी, बिनौरा, न्यामतपुर, सरैनी और पाल सहित करीब 25 गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इन गांवों की बड़ी आबादी शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए उरई शहर पर निर्भर है।
सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा किसानों को भी अपनी उपज मंडी और बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। सड़क के सुंदरीकरण के तहत बेहतर डामरीकरण, किनारों की मजबूती, जल निकासी और संकेतक लगाने जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और गांवों से जिला मुख्यालय तक पहुंचना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। यह परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
