
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के साथ बसपा सुप्रीमो मायावती।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
हरियाणा की सियासत में गहरी पकड़ रखने वाले इंडियन राष्ट्रीय लोकदल (इनेलो) प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर सकता है। शनिवार को इनेलो के राष्ट्रीय महामंत्री अभय सिंह चौटाला ने बसपा सुप्रीमो मायावती से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बसपा के नेशनल कोआर्डिटनेटर आकाश आनंद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार भी मौजूद थे।
बता दें कि बसपा और इनेलो छह वर्ष पूर्व भी साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों दल अलग हो गए थे। हरियाणा में जल्द विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर सियासी सरगर्मियां बढ़ने लगी है। ऐसे में अभय सिंह चौटाला और मायावती के बीच हुई मुलाकात दोनों दलों के बीच दोबारा गठबंधन का संकेत दे रहा है। बता दें कि हरियाणा में इनेलो की जाट वोट बैंक पर, जबकि बसपा की दलित वोट बैंक पर मजबूत पकड़ है। हरियाणा की सत्ता में दोबारा वापसी की आस में इनेलो ने बसपा से करीबी बढ़ानी शुरू कर दी है। अभय चौटाला ने रविवार को एक्स पर तामिलनाडु में बसपा प्रदेश अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की हत्या की निंदा भी की है।
मायावती ने दी श्रद्धांजलि
वहीं दूसरी ओर बसपा सुप्रीमो मायावती और आकाश आनंद ने रविवार को चेन्नई जाकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। बसपा सुप्रीमो ने तामिलनाडु सरकार से इस हत्याकांड के दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।
