लाखों रुपये खर्च करके स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत लक्ष्मी ताल में लगवाए गए वाटर एटीएम एक हफ्ते बाद भी सुधारे नहीं जा सके हैं। जबकि, अफसरों ने इन्हें सुधारने के निर्देश दिए थे। ऐसे में ताल घूमने आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत जून 2021 में लक्ष्मी ताल सुंदरीकरण शुरू हुआ था। इसके सुंदरीकरण पर 39.49 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसी के तहत यहां नौ वाटर एटीएम भी लगवाए गए। प्रत्येक वाटर एटीएम करीब 40 लीटर का है। एक एटीएम की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। ऐसे में लगभग 18 लाख रुपये खर्च करके ये वाटर एटीएम लगवाए गए हैं। लक्ष्मी ताल सैर करने आने वाले लोगों ने बताया कि यहां पर करीब छह महीने से सभी वाटर एटीएम बंद पड़े हैं। जब तक ठंड का सीजन था, तब तक तो कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन गर्मी शुरू होते ही बार-बार प्यास लगने पर जब पानी नहीं मिलता है तो बहुत दिक्कत होती है। स्मार्ट सिटी के एसीईओ राहुल कुमार यादव का कहना है कि वाटर एटीएम को सुधारने का काम जारी है। जल्द ही ये ठीक हो जाएंगे।
यह बोले लोग
रोजाना लक्ष्मी ताल घूमने के लिए आते हैं। पिछले छह महीने से लगातार वाटर एटीएम बंद है। – शशिकांत।
महीनों से वाटर एटीएम बंद होने से पीने के पानी के लिए परेशानी होती है। पानी के लिए भटकना पड़ता है। – प्रिंस।
