लखनऊ जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के संसदीय कार्य व वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शनिवार को इंदिरा की भूतनाथ मार्केट, इंदिरानगर डी ब्लाॅक और इस्माइलगंज प्रथम वार्ड में गंदगी देखकर भड़क गए थे। उसके बाद दो सफाई कर्मचारी निलंबित किए गए और कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाया गया था, लेकिन इससे गंदगी पर कोई असर नहीं पड़ा है। गंदगी जैसे शनिवार सुबह करीब आठ बजे मिली थी, उसी तरह हालात रविवार को दोपहर एक बजे भी दिखे।
अमर उजाला की टीम ने रविवार को यह जानने के लिए मौके की पड़ताल की कि क्या मंत्री के दौरे और कार्रवाई के बाद कुछ बदलाव आया है, मगर हाल बदहाल ही मिले। न सड़क से गंदगी हटी और न ही लोगों के घरों में सड़ रहा कूड़ा उठा। भूतनाथ बाजार में सुलभ शौचालय के आसपास, कलेवा चौराहा से मुंशीपुलिया चौराहा की ओर से जाने वाली रोड पर नालियां उसी तरह कचरे से चोक थीं। कुल मिलाकर मंत्री का औचक निरीक्षण बेअसर दिखा। मंत्री के दौरे के समय महापौर सुषमा खर्कवाल भी उनके साथ थीं। वह भी गंदगी और काम में लापरवाही देखकर नाराजगी जताई थी। उनकी टीम ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था, लेकिन जमीन पर उसका असर नहीं दिखा।
…इधर मंत्री पर कांग्रेस पार्षद का आरोप
इस्माइलगंज प्रथम वार्ड के कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान का कहना है कि मंत्री उनके वार्ड के सेक्टर नौ में जहां पर निरीक्षण के लिए आए थे, वहां सफाई चकाचक थी। कहीं गंदगी नहीं थी। उसके बाद भी द्वैषवश उनके वार्ड के बीट इंचार्ज को निलंबित किया गया। हैरानी की बात यह कि सेक्टर नौ में ही आर्य समाज मंदिर के पास एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग वाले ने सड़क पर मलबा डाल रखा है। उसे मंत्री को दिखाया भी गया, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
नहीं सुधरा घरों से कूड़ा कलेक्शन
निरीक्षण के दौरान सड़कों की सफाई और घरों से कूड़ा उठान में लापरवाही पर मंत्री ने निजी कंपनी रामकी ( लखनऊ स्वच्छता अभियान) के प्रोजेक्ट हेड अभय रंजन को फटकार लगाई थी और कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। रविवार को इसकी भी पड़ताल की गई तो हालात खराब ही मिले।
घर में सड़ रहा कूड़ा
कूड़ा उठाने पहले भी रोज नहीं आते थे, अब तो चार-पांच दिन से नहीं आ रहे। घर में ही कूड़ा सड़ रहा है। झाड़ू लगाने वालों से कहो कि कूड़ा लेते जाओ, मगर वह टाल देते हैं। – सुनीता पाल, इंदिरानगर सेक्टर- 9
पांच दिन से नहीं उठा कूड़ा
पांच दिन से कूड़ा घर में ही पड़ा है। कूड़ा गाड़ी वाले आ ही नहीं रहे। कोई जानकारी भी दी गई कि क्यों नहीं आ रहे और कब आएंगे। पार्षद से परेशानी बताई है। – अनूप आजाद, इंदिरानगर सेक्टर -9
इन्होंने गली में फेंक दिया कूड़ा
ठाकुरगंज में टीबी अस्पताल के पास रहने वाली सुरभि और सुनील कुमार ने बताया कि आठ दिन से उनके यहां कोई कूड़ा लेने नहीं आया। कूड़ा सड़ रहा था और बदबू फैल रही थी। इस कारण उसे बाहर गली में मजबूरी में डाल दिया।
जोन सात के एसडीएम व जोनल अफसर रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि जिन जगहों पर गंदगी मिली थी, वहां सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। घरों से कूड़ा उठान का काम लखनऊ स्वच्छता अभियान कंपनी को करना है, उसे कड़े निर्देश दिए गए हैं। कंपनी ने भी कहा है कि वह पूरा काम करके देगी। यदि काम नहीं हुआ है तो सोमवार को फीडबैक लेंगे और लापरवाही पर कार्रवाई भी करेंगे।
