कालपी। महेवा के पिपरौंधा गांव स्थित खेतों में हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। किसानों का आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद दमकल पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चार किसानों की करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
किसानों का कहना है कि ओलों की मार से कुदरत ने तो उन्हें बचा लिया, लेकिन बिजली निगम की लापरवाही से उनको लाखों का नुकसान हो गया। महेवा ब्लॉक क्षेत्र के मौजा पिपरौंधा में खेतों से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से मंगलवार की सुबह खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटों को देख किसानों ने दमकल टीम को इसकी सूचना दी। करीब एक घंटे की देरी से पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान तेज सिंह, गजेंद्र सिंह, पिंटू सिंह तथा लालू सिंह के खेतों खड़ी खरीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
किसानों का कहना है कि जर्जर तारों की वजह से क्षेत्र में हादसे होने लगे हैं। कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से इस बारे में कहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एसडीएम मनोज कुमार सिंह का कहना है कि आग लगने की सूचना मिली है। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
फोटो- 16 कोंच के ग्राम परैथा में पराली में आग। स्रोत: ग्रामीण
पराली में आग से अफरा-तफरी, किसानों की सूझबूझ से बचा बड़ा हादसा
दमकल देरी से पहुंची, ट्रैक्टर से जुताई कर ग्रामीणों ने पाया काबू
कोंच। तहसील क्षेत्र के ग्राम परैथा में मंगलवार दोपहर गेहूं की पराली में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास खड़ी पकी फसलें भी खतरे की जद में आ गईं और इलाके में अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल के समय पर न पहुंचने से स्थिति और गंभीर हो गई। ऐसे में गांव के किसानों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। किसान सुभाष पटेल, दिनेश, जगदीश, कल्लू सहित कई लोगों ने ट्रैक्टर व कृषि उपकरणों से खेतों की जुताई शुरू कर दी। इससे आग के फैलाव को रोका जा सका। सामूहिक प्रयास से आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया और बड़ी अनहोनी टल गई। (संवाद)
बिजली का तार टूटने से खेत में लगी आग
पहाड़ गांव। कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ गांव में मंगलवार शाम करीब चार बजे पिंडारी फीडर की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटने से गेहूं के कटे खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही काशीपुरा व पहाड़ गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसानों ने तत्काल वाटर पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और बिजली उपकेंद्र को सूचना देकर लाइन बंद कराई गई। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास खड़ी गेहूं की फसल को बचा लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में करीब 60 साल पुराने जर्जर बिजली तार लगे हैं, जिन्हें बदलवाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक ध्यान नहीं दिया। (संवाद)

फोटो – 15 आग लगने के बाद जला पड़ा गेहूं का खेत। संवाद
