स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। मीटर रीचार्ज कराने के कुछ ही घंटों या दिनों में बैलेंस खत्म होने की शिकायतों से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार को सुकुवां-ढुकुआं कॉलोनी स्थित अधिशासी अभियंता (कमर्शियल) कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ महिलाओं ने ईंटें उठाकर फेंकने का प्रयास भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
दोपहर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता कार्यालय पहुंचे। किसी के हाथ में मोबाइल था तो कोई रीचार्ज की रसीद लेकर आया था। उन्होंने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए आरोप लगाया कि मीटर में जमा राशि तेजी से कट रही है और कई मामलों में हजारों रुपये जमा करने के बाद भी बैलेंस निगेटिव दिख रहा है।
यह रहीं उपभोक्ताओं की शिकायतें
राजगढ़ के माता मोहल्ला निवासी सविता ने बताया कि 24 घंटे में 250 रुपये कट गए, जबकि इतनी बिजली खपत नहीं हुई। गोंदू कंपाउंड निवासी संतोष गुप्ता के अनुसार, सुबह खाते में 700 रुपये थे, जो कुछ ही घंटों में घटकर 251 रुपये रह गए।
ओमप्रकाश सुहाने ने बताया कि एक अप्रैल को 1274 रुपये रीचार्ज किए थे, लेकिन अब बैलेंस शून्य से नीचे पहुंच गया है। कमला का कहना था कि दो दिन पहले 2000 रुपये डाले थे, जो खत्म हो गए। वहीं, नीरज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि 100 रुपये जमा करने पर 25 रुपये बिना कारण कट रहे हैं।
पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
हंगामा बढ़ने पर कर्मचारियों ने 112 पर सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और उपभोक्ताओं को शांत कराया। एसडीओ अंशुमन सिंह ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। बाद में कर्मचारियों ने रजिस्टर में शिकायतें दर्ज कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
उपभोक्ताओं की शिकायत है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर में अधिक बिल आ रहे हैं और रीचार्ज के बाद भी बिजली कट रही है। सभी शिकायतों को दर्ज कर उनका समाधान किया जाएगा। – रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता (काॅमर्शियल)
सुकुवां-ढुकुआं कॉलोनी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर हंगामा करतीं महिलाएं…
