जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर में पारिवारिक विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाराज चाचा ने दूल्हे के घर के मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग कर सील करा दिया। यह घटना उस समय हुई जब दूल्हे की बरात झांसी गई हुई थी और घर पर ताला पड़ा था।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला नारोभास्कर निवासी मुहम्मद माजिद की बरात बुधवार की शाम झांसी गई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद गुरुवार सुबह जब माजिद पत्नी नजमा और बरातियों के साथ घर वापस पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा वेल्डिंग कर बंद कर दिया गया है।

परिजनों का आरोप है कि माजिद ने शादी में अपने चाचा मुहम्मद अजहर को आमंत्रित नहीं किया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि जब पूरा परिवार बरात लेकर झांसी गया हुआ था और घर खाली था, उसी दौरान चाचा ने मौका पाकर मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग करवा कर सील करा दिया।

घर पहुंचने पर दरवाजा बंद मिलने से दूल्हा-दुल्हन और परिजन परेशान हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजे की वेल्डिंग कटवाई गई और ताला तोड़कर घर को खुलवाया गया, जिसके बाद दुल्हन नजमा का गृह प्रवेश कराया गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सीओ शैलेंद्र बाजपेयी का कहना है कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनसेट

तीन घंटे तक दरवाजे के बाहर खड़ा रहा दूल्हा, परिजन परेशान होते रहे

जालौन। घर का दरवाजा बंद होने से दूल्हा-दुल्हन और परिजन बाहर ही रुक गए। हालात ऐसे बने कि दूल्हा करीब तीन घंटे तक दरवाजे के बाहर खड़ा रहा और परिजन परेशान होते रहे। काफी मशक्कत के बाद वेल्डिंग मिस्त्री को बुलाया गया, जिसने दरवाजे की वेल्डिंग काटकर उसे खुलवाया। इसके बाद ही दूल्हा-दुल्हन घर के अंदर जा सके और गृह प्रवेश कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

फोटो - 17 दूल्हे के चाचा द्वारा दरवाजे की करवाई गई बेल्डिंग। संवाद

फोटो – 17 दूल्हे के चाचा द्वारा दरवाजे की करवाई गई बेल्डिंग। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *