आईपीएल सट्टा प्रकरण में भाजपा से जुड़े नेताओं के नाम उजागर होने के बाद जिला स्तर से भाजपा के क्षेत्रीय संगठन को पूरी रिपोर्ट भेज दी गई है। पार्टी से जुड़े तीन सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश भी मांगा गया है।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल को भेजी रिपोर्ट में लिखा है कि विगत कई दिनों से झांसी में पुलिस-प्रशासन द्वारा आईपीएल एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष आशीष उपाध्याय, वार्ड 30 की पार्षद के पति वीरेंद्र यादव उर्फ पप्पू, वार्ड 45 की पार्षद के पति पंकज राय के नाम भी इसमें शामिल हैं। भाजपा के इन पदाधिकारियों/ सक्रिय सदस्यों के नाम इस कृत्य में आने से संगठन की छवि खराब हुई है। इस विषय का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करें।
