यूपी के बाराबंकी में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शनिवार को सांसद तनुज पुनिया के आवास का घेराव व प्रदर्शन करने के मामले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। अब आरोपी नूर आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दो लोग कर रहे थे। इसी में नूर आलम नामक व्यक्ति ने टिप्पणी की।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी की टिप्पणियां महिलाओं का घोर अपमान हैं। इससे भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं समेत अन्य लोगों में नाराजगी है। मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।