लखनऊ में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर लखनऊ स्टेशन जाने वाली गाड़ियां 15 मई से 23 जून तक प्रभावित रहेंगी। इस दौरान झांसी-लखनऊ मेमू को अगले 40 दिनों तक निरस्त कर दिया है। वहीं लखनऊ जाने वाली ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर निकाला जाएगा।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर झांसी से लखनऊ जाने वाली झांसी-लखनऊ मेमू (64701) 15 मई से 23 जून तक कानपुर सेंट्रल तक जाएगी।
वहीं, लखनऊ से झांसी आने वाली मेमू लखनऊ की जगह कानपुर से संचालित होगी। इसके अलावा गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (11080) 16 मई से 20 जून, मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस (19054) 17 मई से 21 जून तक बाराबंकी, लखनऊ, मानकनगर के बजाए परिवर्तित मार्ग बाराबंकी, मलहौर, ऐशबाग, कानपुर होकर चलेगी।
वहीं, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलकर गोरखपुर जा रही एलटीटी एक्सप्रेस (11079) 14 मई से 18 जून, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस (15066) 15 मई से 22 जून तक, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस (15030) 16 मई से 20 जून तक व सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19053) 15 मई से 19 जून तक कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी की बजाए परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, मलहौर, बाराबंकी होकर चलेगी। उक्त गाड़ियां लखनऊ स्टेशन पर नहीं रुकेगी। बल्कि उक्त तिथियों तक ऐशबाग, बादशाहनगर स्टेशन पर ठहराव लेंगी।
