झांसी। सीपरी बाजार के अठोंदना रोड में शनिवार आधी रात को 11 केवी बिजली लाइन की मरम्मत के लिए चढ़े बिजली कर्मी रोहित राजपूत (32) की करंट लगने से मौत हो गई। करंट की चपेट में आने से आग का गोला बना रोहित करीब दस फुट नीचे आ गिरा। उसे गंभीर रूप से झुलसा देख उसके साथी भी भाग निकले। आसपास के लोगों की मदद से रोहित को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी पहुंच गए। उन लोगोें ने एसएसओ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना रक्सा के ढिकौली गांव निवासी रोहित पुत्र हेमराज बिजली निगम में संविदाकर्मी था। इन दिनों नंदनपुरा पावर हाउस में उसकी ड्यूटी थी। शनिवार रात नाइट शिफ्ट में वह काम कर रहा था। रात करीब 11.30 बजे अठोंदना में 11 केवी लाइन में खराबी की सूचना मिली थी। इसे ठीक करने के लिए रोहित को भेजा गया था। रोहित एक कर्मचारी के साथ ट्रॅाली लेकर मौके पर पहुंचा था। पोल पर चढ़ने से पहले रोहित ने एसएसओ को फोन करके लाइन पर काम शुरू करने की बात बताई। इसके बाद पोल पर चढ़कर वह मरम्मत करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब पांच मिनट बाद ही लाइन चालू हो गई। इस पर रोहित हादसे का शिकार हो गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस उसे गंभीर हालत में लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक करंट लगने से युवक की मौत हुई है।

इनसेट

बच्चों के साथ मनाना था अपना जन्मदिन

रोहित का चार दिन बाद ही जन्मदिन था। रोहित ने बच्चों के साथ मिलकर अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी की थी। परिजनों ने बताया कि उसने जन्मदिन के लिए पहले से ही छुट्टी भी मांग ली थी लेकिन उसके पहले ही मौत ने उसे अपनों से दूर कर दिया। पत्नी सुधा बदहवास हो गई। दोनों बेटियां मनु (8), माही (6) और बेटे कार्तिक (5) का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

इनसेट

दो माह पहले भी जान गवां चुका लाइन मैन

इसी साल चार मार्च को बबीना के राजगढ़ इलाके में भी संविदाकर्मी लाइन मैन पहलवान राजपूत (30) की 11 केवी लाइन की मरम्मत करते समय झुलस जाने से मौत हो गई थी। उस दौरान भी शटडाउन लेकर संविदाकर्मी काम कर रहा था लेकिन अचानक से लाइन चालू कर दी गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *