भाई के साथ बाइक से यूनिवर्सिटी जा रही बहन सड़क हादसे का शिकार हो गई। वहीं, भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। थाना बड़ागांव इलाके में हाईवे पर बाइक बस की चपेट में आ गई और दुर्घटना हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बेहटा पालर निवासी अंजलि की शादी दो वर्ष पहले पारीछा निवासी आकाश राजपूत से हुई थी। वह अपने पति के साथ पारीछा रहती थी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से वह बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। सोमवार को उसका एग्जाम था। पति के घर न होने पर उसने अपने भाई मानवेंद्र को यूनिवर्सिटी छोड़ने के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि बराटा के पास हाईवे पर चढ़ते समय बाइक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गई। मौके पर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। जहां अंजलि को मृत घोषित कर दिया गया। मानवेंद्र का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
