उरई के मोहल्ला नया पटेल नगर स्थित नए बस स्टैंड के पास सोमवार दोपहर एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी 33 वर्षीय आरती पाल पत्नी सतेंद्र पाल का शव सोमवार दोपहर घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मोहल्ले वालों ने उसके पति सतेंद्र पाल को दी। घर पहुंचने पर घटना की पुष्टि होने के बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई रवि पाल ने आरोप लगाया कि आरती की हत्या की गई है। उनका कहना है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मृतका के पति सतेंद्र पाल ने बंटवारे को लेकर मुकदमा भी दायर किया था, जिसके बाद से ससुराल पक्ष आरती से नाराज रहता था। इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका अपने पीछे 14 वर्षीय पुत्र प्रियांशु और 11 वर्षीय पुत्र हिमांशु को छोड़ गई है। फिलहाल मृतका के परिजनों एवं पुत्रों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *