बिजनौर में सोमवार दोपहर स्विमिंग पूल में डाइव लगाने पर रॉयल सिटी निवासी दुष्यंत गुप्ता (45) का सिर फर्श से टकरा गया। सिर फटने से उनकी मौत हो गई। हादसा स्विमिंग पूल में पानी कम होने के कारण हुआ। एसीपी कृष्णानगर रजनीश सिंह ने बताया कि दुष्यंत बिजनौर स्थित रॉयल सिटी में पत्नी शीला, बेटे पुलकित और उर्जित के साथ रहते थे। वह घर के पास ही जनसेवा केंद्र चलाते थे। करीब पांच दिन से वह कंकड़ कुआं स्थित एक स्वीमिंग पूल में दोनों बच्चों को तैराकी सिखाने के लिए ले जाते थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह दोनों बेटों के साथ स्विमिंग पूल गए थे। दोनों बच्चे तैराकी सीख रहे थे। पूल में पानी काफी कम था।
करीब दस फीट से मारी थी डाइव
दुष्यंत बच्चों को छोड़कर करीब दस फीट ऊंचे डाइव प्लेटफार्म पर चढ़े और सीधा स्वीमिंग पूल पर छलांग लगा दी। पानी कम होने के कारण दुष्यंत का सिर फर्श से टकराकर फट गया। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने दुष्यंत को आनन-फानन लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ देर बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों बच्चों ने घटना की जानकारी मां शीला को दी। भागते वह अस्पताल पहुंचीं।
ये भी पढ़ें – नौतपा की तपिश के बीच मौसम विभाग का बड़ा अपडेट, 8 से 10 डिग्री गिरेगा पारा; इस दिन होगी बारिश
ये भी पढ़ें – आतंकियों के निशाने पर थे विधान सभा, इमामबाड़ा समेत राजधानी के अहम इलाके, एनआईए की जांच में खुलासा
संचालक के पास लाइसेंस था या नहीं होगी जांच
एसीपी ने बताया कि अभी तक घरवालों ने बिजनौर थाने में स्विमिंग पूल संचालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की थी। कुछ लोगों से हादसे के बारे में पूछताछ की थी। वहीं, इस बात की भी अभी जांच की जा रही है कि क्या स्वीमिंग पूल संचालक के लाइसेंस था कि नहीं।
लापरवाही के कारण गई जान
स्वीमिंग पूल में कई बच्चे तैराकी सीखने आते हैं। ऐसे में पूल में हमेशा पर्याप्त पानी भरा रहता है। मगर संचालक की लापरवाही के कारण पूल में पानी कम था। पूल संचालक की इसी लापरवाही का खामियाजा दुष्यंत को अपनी जान देकर गंवाना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक संचालक ने ट्यूबवेल का स्वीमिंग पूल बना रखा था।
लाइफ बॉय थे मौजूद या नहीं इसकी भी जांच
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जिस समय यह हादसा हुआ क्या वहां कोई लाइफ बॉय मौजूद था। अगर नहीं तो यह भी लापरवाही है। फिर हाल पुलिस संचालक, स्टाफ व वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ करेगी।
पति की मौत की खबर से पत्नी की बिगड़ी तबीयत
बच्चों ने जैसे ही पिता की मौत की जानकारी मां को दी घर में मातम छा गया। वह बेहोश हो गईं। घर पहुंचे पड़ोसी और रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। किसी तरह से होश में आने पर शीला दहाड़े मार कर रोने लगीं। वहीं बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
