लखनऊ। यूपी स्पोर्ट्स कॉलेजेस सोसाइटी के अधीन संचालित प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए मुख्य चयन परीक्षा तीन जून से शुरू होगी। कक्षा छह, नौ और 11 में संभावित 518 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित प्रारंभिक चयन परीक्षा में प्रदेशभर से 2603 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
अब मेरिट सूची जारी की जा रही है, जिसके आधार पर चयनित खिलाड़ी मुख्य चयन परीक्षा में भाग लेंगे। मुख्य चयन परीक्षा के तहत तीन और चार जून को एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, तैराकी, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन के ट्रायल निर्धारित किए गए हैं। हॉकी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी ट्रायल में शामिल होंगे जबकि अन्य में सिर्फ बालक वर्ग के खिलाड़ी ही प्रतिभाग करेंगे।
एथलेटिक्स, फुटबॉल के ट्रायल स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, हॉकी वॉलीबॉल के स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, कबड्डी और तैराकी के स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन के ट्रायल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे। सोसाइटी के सचिव और लखनऊ स्पोर्ट्स काॅलेज के प्रिंसिपल दीपेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक चयन परीक्षा की मेरिट सूची कॉलेज की वेबसाइट और खेल साथी पोर्टल पर उपलब्ध है। चयन प्रक्रिया के आधार पर ही अंतिम प्रवेश सूची तैयार की जाएगी।
