प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आगामी 8 से 10 जून तक होने वाली लिखित परीक्षा में धार्मिक चिह्नों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि पर पाबंदी नहीं रहेगी। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने निर्देश दिया है कि इनको काटने या हटाने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि स्मार्ट गैजेट्स जैसे स्मार्ट फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच आदि ले जाने पर सख्ती होगी। बोर्ड द्वारा परीक्षा की तैयारियों को लेकर रविवार को सभी 75 जिलों के नोडल अधिकारियों, जिलों के आब्जर्वर और कंट्रोल रूम के प्रभारियों को निर्देश दिए गए।


डीजी भर्ती बोर्ड एसबी शिरडकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि परीक्षा सभी 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी। सिपाही के 32,679 पदों के लिए 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। डीजी ने परीक्षा में लगे प्रत्येक कर्मी व अधिकारी को दिशा-निर्देशों का धरातल पर शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए बोर्ड द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई गई है, जिसका अनुपालन कराया जाए।

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी को मजबूत रखने के साथ लगातार मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी के आधार सत्यापन एवं ई-केवाईसी के लिए आइरिश आधारित बायोमेट्रिक जांच के विभिन्न आधुनिक उपकरण केंद्रों पर लगाए जाएंगे, जिनसे गुजरने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल सकेगा। प्रत्येक महिला अभ्यर्थी की जांच एनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं नीले या काले पेन के अतिरिक्त किसी अन्य सामग्री के साथ नहीं आएं। यथासंभव जूते-मोजे के स्थान पर चप्पल पहन कर आएं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें