कालपी। नगर क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। इसमें गृहस्वामी के परदेश जाने के दौरान चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
नगर के मोहल्ला तरीबुल्दा निवासी देवीदीन ने बाढ़ जैसी विभीषिकाओं से बचने के लिए तहसील के पीछे रायढ़ रोड पर नया मकान बनवाया था, जहां वह अपने परिवार के साथ रहने लगे थे। करीब एक माह पहले वह मकान में ताला लगाकर परिवार सहित राजस्थान पानी के कारोबार के लिए चले गए थे।
इसी दौरान बुधवार को पड़ोसी ने उन्हें सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा तो सही है, लेकिन अंदर सामान बिखरा पड़ा है, जिससे चोरी की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही गृहस्वामी तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि आलमारी और बक्से के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान अस्त-व्यस्त था।
पीड़ित के अनुसार चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 15,000 रुपये, सोलर प्लेट, बैटरी और इनवर्टर भी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि घर में रखा पूरा कीमती सामान गायब है।
घटना की जानकारी देने पर गृहस्वामी ने कालपी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामला संज्ञान में लिया गया है, हालांकि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।
