झांसी। नगर निगम के कांट्रेक्टर सलाउद्दीन कुरैशी से कोतवाली में हिस्ट्रीशीटर ओरछा गेट कसाई मंडी निवासी रसीद उर्फ पिस्टन ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पैसा न मिलने पर जान से मार डालने की धमकी दी। सहमे कांट्रेक्टर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसकी तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने रसीद उर्फ पिस्टन समेत दो साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बाहर सैयर गेट निवासी सलाउद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसका कुछ विवाद ओरछा गेट बाहर के कसाई मंडी निवासी रसीद उर्फ पिस्टन से है। पिस्टन उसे अपने साथियों के साथ मिलकर कई महीने से परेशान कर रहा है। दो मई की शाम करीब 6:29 बजे आरोपी अपने दोस्तों के साथ उसके घर आ धमका। आरोपियों ने तमंचा उसके सीने पर अड़ाते हुए तीन दिन के अंदर दो लाख रुपये देने की धमकी दी। रुपये न देने पर जान से मारने की बात कही।
सलाउद्दीन के मुताबिक यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद है। उसने पुलिस को सूचना दी लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अफसरों से गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर आरोपी रसीद उर्फ पिस्टन, उसके पुत्र मो. आजम उर्फ सन्नाटा, मुस्कीन समेत तीन अज्ञात के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
एसओजी के साथ मुठभेड़ में घायल हो चुका हिस्ट्रीशीटर
हिस्ट्रीशीटर एवं पशु तस्कर रसीद उर्फ पिस्टन पिछले साल एसओजी के साथ हुई मुठभेड़ में पांव में गोली लगने से घायल हो चुका। पिस्टन के खिलाफ यूपी एवं एमपी में पशु तस्करी समेत अन्य तमाम मामलों में 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। एसओजी से मुठभेड़ के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह अब फिर से अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होने लगा।
