बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला कुख्यात और एक लाख रुपये का इनामी अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन रविवार देर रात सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ सरसावा-नकुर रोड पर हुई, जहां पुलिस टीम और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में ललन गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर (बिहार) के आनंदगोलवा गांव, थाना मोहिउद्दीन नगर निवासी ललन सिंह उर्फ लल्लन पुत्र शिव शंकर सिंह लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बताया गया कि 21/22 जून 2026 की रात एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग निकला।

घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरसावा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल, सहारनपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सात हत्याओं समेत कई सनसनीखेज वारदातों में था वांछित

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ललन सिंह अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई संगठित अपराधों में शामिल था। उस पर सात लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश-वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर आरोप थे। मृतकों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे।

ललन पर 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्तौल लूटने का आरोप था। इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली जिले में हुई गोलीबारी और लूट की घटना में भी वह वांछित चल रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार साथी की तलाश जारी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *