आयुक्त सभागार में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत अथवा फोन पर वार्ता जरूर करें, जिससे जन शिकायतों का निस्तारण हो सके। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर बनाकर 15 दिन में रिपोर्ट दें।
आयुक्त बोले कि जीरो पावर्टी कार्ययोजना के अनुरूप पात्रों को संतृप्त कराएं। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को जनआरोग्य मेला, पीएम किसान सम्मान निधि, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला कनेक्शन, श्रम कार्ड बनवाने समेत योजनाओं से लाभान्वित कराएं। उन्होंने जालौन और ललितपुर के आकांक्षात्मक विकासखंडों में बच्चों के कुपोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि गोशाला के संचालन व्यवस्था, वाटर कन्जर्वेशन कार्य के लिए जल से जुड़े विभाग गांववार एक महीने में कार्ययोजना उपलब्ध कराएं। निर्धन परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने के साथ ही श्रमिकों का पंजीकरण कराने, उनके बच्चों को चिह्नित कर श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
अवैध खनन करने वाले बिना नंबर के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करें। डीएम गौरांग राठी ने जनसंवाद, ऑनलाइन जनसुनवाई समेत विभिन्न प्रकरणों के संबंध में प्रगति आख्या प्रस्तुत की। इस दौरान आईजी आकाश कुलहरि, डीएम जालौन राजेश कुमार पांडेय, डीएम ललितपुर सत्यप्रकाश, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन शिवप्रताप शुक्ल, जेडीसी सुरेश चंद्र केसरवानी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एसएन त्रिपाठी, संयुक्त शिक्षा निदेशक राजू राणा आदि मौजूद रहे।
