संदिग्ध समान की रोकथाम के लिए ट्रेनों के जरिये भेजे जाने वाले पार्सल की अब बुकिंग से पहले जांच अनिवार्य होगी। रेलवे पार्सल सेवा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए झांसी और ग्वालियर स्टेशन स्थित पार्सल कार्यालयों में आधुनिक लगेज स्कैनर मशीनें लगाने जा रहा है। करीब 35 लाख रुपये की लागत से खरीदी जा रही जर्मन तकनीक आधारित ये मशीनें बंद पार्सल के अंदर रखे सामान की जांच करेंगी। स्कैनिंग रिपोर्ट के बाद ही पार्सल की बुकिंग की जाएगी।
रेलवे पार्सल कार्यालयों से रोजाना बड़ी संख्या में सामान देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाता है। वर्तमान में पार्सल की जांच अधिकतर मैनुअल तरीके से होती है, जिससे कई बार संदिग्ध वस्तुओं की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से बुकिंग कराने वाले व्यापारियों से आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज लिए जाते हैं।
अवैध वस्तुओं, ज्वलनशील सामग्री, नशे और प्रतिबंधित सामान की ढुलाई रोकने के लिए रेलवे प्रशासन ने अब जांच व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने का फैसला लिया है। लगेज स्कैनर एक्स-रे तकनीक पर आधारित होंगे, जिनसे पार्सल के अंदर रखी वस्तुओं की स्पष्ट तस्वीर स्क्रीन पर दिखाई देगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई मशीनें लगने के बाद पार्सल बुकिंग प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और तेज होगी। साथ ही रेलवे परिसरों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। दोनों स्टेशनों पर जल्द ही मशीनों को स्थापित किया जाएगा। संवाद
————
लगेज स्कैनर मशीनों की खरीद की अंतिम प्रक्रिया चल रही है। कार्य पूरा होने के बाद झांसी और ग्वालियर दोनों स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग से पहले प्रत्येक पार्सल की अनिवार्य रूप से स्कैनिंग की जाएगी। इससे यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। – नीरज भटनागर, सीनियर डीसीएम फ्रेट, झांसी रेल मंडल
रेलवे पार्सल सेवा : एक नजर में
रेलवे सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता
झांसी स्टेशन से विभिन्न स्टेशनों के लिए रोज करीब 215 पार्सल भेजे जाते हैं। स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं। पार्सल के जरिये प्रतिबंधित, ज्वलनशील या संदिग्ध सामान की ढुलाई रोकना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती रही है। इसी को देखते हुए कई स्थानों पर पार्सल जांच व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। लगेज स्कैनर जैसी आधुनिक मशीनों से बुकिंग से पहले सामान की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जाएगा।
