उरई। शुक्रवार की बारिश से मिली राहत शनिवार को पूरी तरह गायब हो गई। सुबह से निकली तेज धूप और दिनभर बनी रही उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दोपहर के समय गर्मी इतनी अधिक रही कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। तेज धूप के चलते सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी, जबकि कई स्थानों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शनिवार को भी मौसम मेहरबान रहेगा, लेकिन सुबह से ही खिली तेज धूप ने राहत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पूरे दिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। बिजली की आवाजाही और गर्म हवाओं के कारण घरों के भीतर भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
मौसम विभाग की ओर से शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन देर शाम तक जिले में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई। इससे दिनभर गर्मी का असर बना रहा। बाजारों में भी दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या कम रही और लोग धूप कम होने का इंतजार करते नजर आए।
मौसम वैज्ञानिक विस्टर जोशी ने बताया कि रविवार को तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है और बारिश के आसार बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बारिश होती है तो लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं यदि बारिश नहीं हुई तो अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाती रहेगी। उनके अनुसार पूरे सप्ताह तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा और मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रहेगा।
