झांसी। महिलाओं को सुरक्षित निवेश का विकल्प देने के लिए शुरू की गई महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र योजना भले ही बंद हो चुकी हो, लेकिन डाकघरों में इसके तहत खोले गए खातों में अब भी करोड़ों रुपये जमा हैं। झांसी जिले में इस योजना के 618 खातों में 7.71 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है। अधिकांश खाताधारकों ने परिपक्वता अवधि पूरी न होने के कारण अपनी जमा रकम नहीं निकाली है।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यह विशेष लघु बचत योजना शुरू की थी। योजना में महिलाओं और बालिकाओं के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक निवेश की सुविधा दी गई थी। यह योजना दो वर्ष के लिए लागू रही और 31 मार्च 2025 के बाद इसमें नए खाते खोले जाने बंद कर दिए गए। फिर भी झांसी में इस योजना के तहत प्रत्येक खाते में औसतन 1.25 लाख रुपये जमा हैं, जो दर्शाता है कि महिलाओं ने इस सरकारी बचत योजना में अच्छी रुचि दिखाई।
जिला बचत अधिकारी अनुज शुक्ला ने बताया कि झांसी में वर्तमान समय में इस योजना के 618 खातों में कुल 7,71,33,616 रुपये जमा हैं। अधिकांश खातों की परिपक्वता अवधि अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए निवेशकों ने राशि नहीं निकाली है। उन्होंने बताया कि परिपक्वता पूरी होने पर खाताधारकों को मूलधन के साथ निर्धारित ब्याज का भुगतान किया जाएगा। तब तक जमा राशि पर नियमानुसार ब्याज मिलता रहेगा।
