झांसी। मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार तड़के तक जारी रहा। पिछले 24 घंटे में जिले में 19.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
मानसून सक्रिय होने के बाद पिछले कुछ दिनों से जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार सुबह साढ़े चार बजे तक जारी रही। सुबह घने बादलों के कारण धूप नहीं निकली। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल छंटे और हल्की धूप खिली, लेकिन शाम चार बजे के बाद फिर आसमान में काले बादल छा गए। शाम साढ़े पांच बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो छह बजे रिमझिम बारिश में बदल गई। करीब 20 मिनट तक बारिश होने के बाद मौसम साफ हो गया।
कृषि विज्ञान केंद्र, भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। उनके अनुसार, बृहस्पतिवार को भी जिले में झमाझम बारिश होने की संभावना है।
अब भी सामान्य से 39 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, जून से 8 जुलाई तक जिले में सामान्य रूप से 141.6 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 86.4 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज की गई है। यानी जनपद में अब भी सामान्य से 39 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। बुधवार की बारिश से बारिश की कमी कुछ कम जरूर हुई है, लेकिन मानसून का कोटा पूरा होने के लिए अभी अच्छी बारिश की जरूरत बनी हुई है।
