झांसी। रेल मंडल में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार शाम झांसी से हजरत निजामुद्दीन जा रही खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस पर चिरुला और दतिया स्टेशन के बीच शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से सी-2 कोच का बाहरी कांच क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस (22469) रविवार शाम झांसी से करीब 6:28 बजे दतिया के लिए रवाना हुई थी। चिरुला और दतिया स्टेशन के बीच ट्रेन पर अचानक पथराव हुआ। एक पत्थर सी-2 कोच से टकराया, जिससे उसके कांच की बाहरी परत क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर कोच में बैठे यात्री घबरा गए और उन्होंने इसकी सूचना कोच अटेंडेंट तथा सुरक्षाकर्मियों को दी।
दतिया स्टेशन पर ट्रेन की जांच के बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन पर पथराव कर कोच का कांच क्षतिग्रस्त करने के मामले में आरपीएफ जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन ट्रेनों पर भी हो चुका है पथराव
तिथि
ट्रेन
स्थान
नुकसान
09 मार्च
शताब्दी एक्सप्रेस
सिथौली-सोनागिर
सी-6 कोच का कांच टूटा
15 मई
ताज एक्सप्रेस
ग्वालियर स्टेशन
डी-1 कोच का कांच टूटा
16 मई
खजुराहो वंदे भारत तालबेहट सेक्शन
सी-14 कोच का कांच टूटा
25 जून
गतिमान एक्सप्रेस
करारी-चिरुला
ई-2 कोच का कांच टूटा
27 जून
बरौनी एक्सप्रेस मुस्तरा स्टेशन
ए-1 कोच का कांच टूटा
07 जुलाई
मुंबई राजधानी एक्सप्रेस
करारी-चिरुला
बी-5 कोच का कांच टूटा
12 जुलाई
वंदे भारत एक्सप्रेस
चिरुला-दतिया
सी-2 कोच का कांच क्षतिग्रस्त
पकड़े गए अपराधी, फिर भी नहीं थम रही घटनाएं
ट्रेनों में पथराव की घटनाएं बढ़ने पर आरपीएफ से लेकर जीआरपी टीमों ने कार्रवाई की। पिछली वारदातों में 15 मई को ग्वालियर स्टेशन पर खड़ी ताज एक्सप्रेस पर पथराव की घटना हुई। यात्रियों ने आरोपी पकड़कर आरपीएफ को सौँप दिया। इसी प्रकार 27 जून को मुस्तरा में खड़ी बरौनी एक्सप्रेस व चिरगांव सेक्शन में पनवेल पर पथराव की घटना हुई और आरपीएफ ने मामला दर्ज कर 30 जून को अर्जुन पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अर्जुन ने पिछले दिनों चार गाड़ियों में पथराव की बात कबूली। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर जीआरपी ने 30 जून को बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव लेवा में रहने वाले अर्जुन अहिरवार और अभिषेक अहिरवार को गिरफ्तार किया। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी पथराव की घटनाएं नहीं थम रहीं।
