– सीसीटीवी में स्वास्थ्य कर्मी की यूनिफार्म और मास्क में दिखा युवक
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आए शिक्षक की जेब से एक शातिर ने पर्स उड़ा लिया, जिसमें 4200 रुपये थे। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक स्वास्थ्य कर्मी की यूनिफार्म में मास्क लगाए नजर आया। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस व मेडिकल कॉलेज प्रशासन से की है।
कोतवाली थानांतर्गत बड़ागांव गेट बाहर निवासी दीपक सैनी बबीना के गांव किल्चवारा खुर्द स्थित विद्यालय में शिक्षक हैं। त्वचा में दिक्कत होने की वजह से वह 17 जुलाई को मेडिकल कॉलेज की चर्म रोग विभाग की ओपीडी में दिखाने के लिए आए थे। जब वह पर्चा काउंटर पहुंचे तो वहां टोकन लेने के लिए हेल्पर से मदद लेने लगे। इस दौरान वहां स्वास्थ्य कर्मी की यूनिफार्म में मास्क लगाकर आए युवक ने उनकी जेब से पर्स गायब कर दिया। टोकन लेकर काउंटर पर पर्चा बनवाने पहुंचने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस चौकी पर शिकायत की। 18 जुलाई को पीड़ित ने मेडिकल कॉलेज के सीएमएस कार्यालय में पहुंचकर शिकायती पत्र और सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे।
सीएमएस डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
