प्रदेश संगठन के गठन के बाद भाजपा ने जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारी मजबूत करने का काम शुरू किया है। बीते बुधवार को पार्टी ने प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया। इन सम्मेलनों के जरिये बूथ अध्यक्षों का सत्यापन किया गया। साथ ही बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों को भी परखा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह इसमें शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत सभी मंत्री, सांसद व विधायक भी बूथ स्तर पर उतरे। उन्होंने जमीनी हकीकत का जायजा लिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 1.80 लाख से अधिक बूथ अध्यक्षों के साथ नेताओं ने संवाद किया। इस मौके पर बूथ अध्यक्षों को माइक्रो मैनेजमेंट का गणित भी समझाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सम्मेलन में भाग लिया। पंकज चौधरी सीतापुर में उपस्थित रहे। केशव प्रसाद मौर्या बरेली में और ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर में बूथ अध्यक्षों से मिले। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने वाराणसी में बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र समझाया। नेताओं ने बूथ अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक कार्ययोजना और विजय की रणनीति साझा की। बूथ अध्यक्षों को ”बूथ जीता-चुनाव जीता” और ”मेरा बूथ सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ चुनावी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।
