उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमगुवां में पत्नी के मायके से वापस न आने से मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम अमगुवां निवासी राजेश यादव (25) गांव में मजदूरी करने के साथ-साथ अपने पिता मानसिंह की खेती में भी हाथ बंटाता था। उसकी शादी जालौन निवासी शालिनी से हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ महीने बाद शालिनी मायके चली गई। इसके बाद राजेश उसे कई बार ससुराल लेने गया। एक-दो बार वह वापस आई, लेकिन पिछले करीब तीन वर्षों से वह ससुराल नहीं लौटी। राजेश लगातार उसे मनाने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे वह काफी समय से मानसिक तनाव में रहने लगा था।

सोमवार रात उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह पिता मानसिंह ने कमरे में जाकर देखा तो राजेश का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। फैक्टरी एरिया चौकी प्रभारी शिवम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक की मौत से मां कमला का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *