झांसी। कोतवाली के सैंयर गेट बाहर मोहल्ला स्थित दुकान का ताला शनिवार रात बदमाशों ने तोड़कर अंदर से 9.20 लाख रुपये नकद समेत करीब आधा किलो वजनी चांदी की बुर्राक चोरी कर ले गए। रविवार सुबह दुकान का ताला टूटा देख, दुकान मालिक सईद के होश उड़ गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी पहुंचकर छानबीन की। दुकान मालिक ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर शक जाहिर किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सैंयर गेट बाहर निवासी सईद घर पर ही जनरल मर्चेंट की दुकान समेत सोसाइटी का पैसा जमा करते हैं। सईद के मुताबिक सोसाइटी में 42 लोगों का पैसा जमा होता है। यह लोग हर महीने दस हजार रुपये जमा करते हैं। आम तौर पर 25-30 तारीख के बीच सोसाइटी का पैसा किसी न किसी सदस्य को दे दिया जाता है। इस दफा पैसा नहीं दिया जा सका। सोसाइटी का 4.20 लाख रुपये दुकान में रखा था। बेटे शाहिद की आंखों के उपचार के लिए निकाले गए 5 लाख रुपये भी दुकान में रखे थे। रोजाना की तरह शनिवार रात करीब 11.30 बजे दुकान बंद करके बगल में बने घर में सोने चले गए। आधी रात के बाद चोर दुकान के बगल लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर जा घुसे। दुकान के अंदर से पूरी नकदी समेत वहां रखी आधा किलो वजनी चांदी की बुर्राक भी उठा ले गए। रविवार सुबह करीब 9 बजे जब उन्होंने दुकान का शटर खोला तब चोरी का पता चला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर छानबीन की हालांकि आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे। इस वजह से कोई अहम सुराग भी नहीं मिल सका हालांकि पुलिस दुकानदार की ओर से बताए घटनाक्रम से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। सिटी रामवीर सिंह का कहना है कि मामले की अभी छानबीन कराई जा रही है।
कार्यभार संभालते ही कोतवाल को सलामी
गैर जनपद से तबादला होकर आए निरीक्षक अंजन कुमार सिंह को झांसी आते ही कोतवाली जैसा अहम थाना थमा दिया गया। शनिवार को उन्होंने जैसे ही कार्यभार संभाला, थाना क्षेत्र के भीतर बदमाशों ने एक बड़ी चोरी करके उनको सलामी दे डाली। पहले दिन कार्यभार संभालने की वजह से कई घंटे बाद भी वह घटना स्थल पर भी नहीं पहुंचे। ऐसे में उनके सामने चोरी का खुलासा करना सबसे बड़ी चुनौती साबित होगा। निरीक्षक अंजन कुमार सिंह झांसी आने से पहले तत्कालीन एडीजी आलोक कुमार सिंह के जनसंपर्क अधिकारी भी रह चुके हैं।
