कांवड़ यात्रा, आगामी त्योहारों और विधानमंडल के मानसून सत्र को देखते हुए प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी के मद्देनजर यूपी पुलिस और एटीएस को संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश डीजीपी राजीव कृष्णा ने दिए हैं।
दरअसल, खुफिया एजेंसियों की जांच और कार्रवाई से सामने आया है कि शहजाद ने आईएसआई के इशारे पर यूपी समेत कई राज्यों के 200 से अधिक युवाओं को आतंकी वारदात अंजाम देने के लिए अपने नेटवर्क में शामिल किया है। उन्हें हथियार और विस्फोटक भी मुहैया कराए हैं। यूपी एटीएस समेत अन्य राज्यों की पुलिस अब तक करीब दो दर्जन से अधिक युवाओं को गिरफ्तार भी कर चुकी है जिनके निशाने पर हिंदूवादी नेता और सुरक्षा बलों के प्रतिष्ठान थे।
रामनगरी अयोध्या पर आतंकी संगठनों की बुरी नजर होने के मद्देनजर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के मंसूबे से शहजाद भट्टी अपने नेटवर्क का इस्तेमाल कांवड़ यात्रा, त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर वारदात अंजाम देकर कर सकता है।