आटा । रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण (मेंटीनेंस) कार्य के लिए आटा रेलवे क्रॉसिंग संख्या-189 को चार दिन सात से 10 अगस्त तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगी। ऐसे में कालपी तहसील जाने वाले 50 हजार लोग रोजाना 15 किमी का अतिरिक्त चक्कर काटेंगे।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर के अनुसार अनुरक्षण कार्य के दौरान आटा स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-189 पर सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि शाम छह बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक फाटक सामान्य रूप से खुला रहेगा। लोगों को पहले से जानकारी देने के लिए रेलवे फाटक पर सूचना भी चस्पा कर दी गई है।

रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से आटा, संदी, जोराखेरा, अकोढ़ी, अकबरपुर, इटौरा, गुरु इटौरा, कहटा, बारा, पांडेयपुर, तगारेपुर, अमीसा, परासन, सुनहेटा, गढ़ा, दशहरी, सुरहेती, कुसमरा, इमिलिया समेत दो दर्जन गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग, थाना और तहसील से प्रभावित रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश लोग इसी रेलवे फाटक से होकर मुख्यालय और बाजार तक पहुंचते हैं।

रेलवे प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में जोल्हूपुर समपार रेलवे क्रॉसिंग संख्या-194 ओवरब्रिज और भभुआ रेलवे क्रॉसिंग संख्या-190 का उपयोग करने की सलाह दी है। हालांकि इन मार्गों से जाने में करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इटौरा और काशीखेड़ा होते हुए जोल्हूपुर स्टेट हाईवे के रास्ते वाहनों को गुजरना होगा।

रेलवे फाटक बंद रहने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आटा कस्बे में खरीदारी के लिए आने वाले ग्रामीणों पर पड़ेगा। कई स्कूल वाहनों को भी लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा, जबकि कुछ लोगों को पैदल रेलवे लाइन पार कर दूसरी ओर जाना पड़ सकता है।

उरई के लिए इसी रास्ते को पसंद करते हैं क्षेत्रीय लोग

कदौरा क्षेत्र के लोग उरई आने के लिए जोल्हूपुर न जाकर इसी रास्ते को पसंद करते हैं। इससे करीब 15 किलोमीटर का चक्कर तो बचता ही है, साथ ही जाम से भी निजात मिलती है। सड़क अच्छी होने से लोग इसी रास्ते से आसानी से आटा होते हुए उरई निकल जाते हैं लेकिन क्रॉसिंग बंद हो जाने से उन्हें भभुआ होते हुए या जोल्हूपुर मोड होते हुए आना पड़ेगा।

पहले भी झेलनी पड़ी थी परेशानी

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में भी रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण कार्य के चलते 17 से 21 नवंबर तक आटा रेलवे क्रॉसिंग बंद रही थी। उस समय भी स्कूली बच्चों, मरीजों और क्षेत्रीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर चार दिनों तक दिन में फाटक बंद रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ना तय माना जा रहा है।

वर्जन :

रेलवे ट्रैक के अनुरक्षण कार्य के चलते आटा रेलवे क्रॉसिंग संख्या-189 को 7 से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रखा जाएगा। शाम 6 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक फाटक सामान्य रूप से खुला रहेगा। लोगों की सुविधा के लिए पहले ही सूचना चस्पा कर दी गई है। – सैयद मुहम्मद तल्हा आरिफ, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ)

फोटो - 10 आटा रेलवे क्रॉसिंग 189 का बंद फाटक। संवाद

फोटो – 10 आटा रेलवे क्रॉसिंग 189 का बंद फाटक। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *